Ahmedabad: नरोडा जीआइडीसी में वेफर-बिस्किट बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग

Ahmedabad: नरोडा जीआइडीसी में वेफर-बिस्किट बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग

Ahmedabad. शहर के नरोड़ा जीआइडीसी में फेज-3 स्थित एक वेफर-बिस्किट बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। शुरूआत में छह गाडि़यां मौके पर पहुंची, लेकिन परिस्थिति काबू में नहीं आई। ऐसे में मौके पर 15 गाडि़यों को भेजना पड़ा। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।

मनपा फायर ब्रिगेड कंट्रोलरूम एवं मनपा की ओर से दी गई जानकारी में बताया कि फेस 3 में प्लॉट नंबर 28 पर बनी ‘किसमिस प्रोडक्ट कंपनी’ नामक बिस्किट बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार को अचानक भीषण आग भड़क उठी। पालडी कंट्रोल रूम में सुबह 09:40 बजे आग की सूचना रविभाई नाम के व्यक्ति ने दी। मनपा का दावा है कि सूचना मिलते ही महज 2 मिनट के भीतर यानी 09.42 बजे नरोड़ा जीआइडीसी, नरोडा और निकोल फायर स्टेशनों से पहली फायर फाइटर गाड़ियां मौके के लिए रवाना हो गईं।

चीफ फायर ऑफिसर भी पहुंचे मौके पर

घटनास्थल पर पहुंचे दमकल अधिकारियों ने आग की भयावहता को देखते हुए तुरंत अतिरिक्त बल व वाहन मंगाए और उच्च अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद चीफ फायर ऑफिसर और एडिशनल चीफ फायर ऑफिसर खुद घटनास्थल पर पहुंचे और मोर्चा संभाला।

छत के पतरे हटाकर बुझाई आग

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ग्राउंड प्लस 3 मंजिला इस इमारत में बिस्किट निर्माण का काम चल रहा था। फैक्ट्री में रखे कार्टन, प्लास्टिक, आटा (लोट) और अन्य कच्चे माल (रॉ-मटीरियल) के चलते आग तेजी से फैली। इसके चलते धुआं भी काफी हुआ। जिससे दमकल कर्मियों को काफी दिक्कत भी हुई। ऐसे में इमारत के ऊपरी हिस्से में लगाए गए पतरे को जेसीबी मशीन बुलाकर हटाया गया। उसके बाद पानी की बौछारें मार कर आग पर काबू पाया और कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया।

महापौर भी पहुंचे घटनास्थल, लिया जायजा

इस घटना की सूचना मिलते ही महापौर हितेश बारोट भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मीडिया को बताया कि यह वेफर और बिस्किट बनाने वाली फैक्ट्री है। इसमें आग लगने से फायरब्रिगेड की ओर से अन्य स्टेशनों से भी टीमों को बुलाया गया है। काफी मशक्कत के बाद टीमों ने आग पर काबू पाया। गनीमत है कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *