अजित पवार के निधन के बाद बेटे जय पवार की पोस्ट हुई वायरल, लिखा- काश समय…

बरामती में हुए विमान हादसे में पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार की मौत के बाद महाराष्ट्र और पवार परिवार शोक में डूबाे हुए हैं। इसी बीच उनके बेटे जय पवार का एक भावुक व्हाट्सऐप स्टेटस सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जय पवार ने शेयर की तस्वीर

जय पवार ने अपने पिता के साथ दो तस्वीरें शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “मुझे आपकी बहुत याद आती है, पापा। काश समय रुक जाता; मैं आपको कसकर गले लगा लेता और हमेशा ऐसे ही रहता। आपकी बहुत याद आती है, पापा!”

मीडिया से दूर रहते हैं जय पवार

परिवार और एनसीपी नेताओं के अनुसार, जय पवार आमतौर पर मीडिया से दूरी बनाए रखते हैं और लो-प्रोफाइल रहना पसंद करते हैं। वह सहकारी और उससे जुड़े पारिवारिक व्यवसायों से जुड़े रहे हैं और लोकसभा, विधानसभा तथा हाल ही में हुए नगर परिषद, नगर पंचायत और नगर निगम चुनावों में एनसीपी के लिए सक्रिय रूप से प्रचार भी कर चुके हैं।

अजित के निधन के बाद राजनीति तेज

अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में तेज घटनाक्रम देखने को मिले। शोक के माहौल के बीच पवार परिवार को राजनीतिक जिम्मेदारियों में तुरंत लौटना पड़ा। अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार ने राज्य की उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। उन्हें वे ही मंत्रालय सौंपे गए हैं, जो पहले अजित पवार के पास थे, जिनमें आबकारी, खेल और अल्पसंख्यक विकास मंत्रालय शामिल हैं।

सोमवार को सुनेत्रा पवार कराड पहुंचीं और यशवंतराव चव्हाण स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वह बरामती लौटीं। 

विमान हादसे में अजित पवार की मौत

बता दें कि एनसीपी प्रमुख अजित पवार की विमान हादसे में मौत हो गई। उनके साथ चार अन्य लोगों की भी मौके पर ही मौत हो गई। दरअसल, अजित पवार जनसभा को संबोधित करने जा रहे थे। इसी दौरान उनका विमान क्रैश हो गया। अजित पवार के बाद उनकी पत्नी ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *