बाइक की टक्कर के बाद कार-ड्राइवर के अपहरण का प्रयास:मारपीट कर कार में डालने लगे बदमाश, लोगों की आवाजाही से बच निकला पीड़ित

बाइक की टक्कर के बाद कार-ड्राइवर के अपहरण का प्रयास:मारपीट कर कार में डालने लगे बदमाश, लोगों की आवाजाही से बच निकला पीड़ित

राजधानी के त्रिपोलिया गेट क्षेत्र में मामूली सड़क हादसे के बाद कार चालक के साथ मारपीट और अपहरण के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाइक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त होने पर उसे मरम्मत कराने के बहाने एक गेराज ले जाया गया, जहां पहले से बुलाए गए युवकों ने चालक के साथ मारपीट की और जबरन कार में डालकर ले जाने की कोशिश की। पीड़ित किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बच निकला और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल कुलदीप के अनुसार सतीश सामरिया ने अशोक नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे त्रिपोलिया गेट के पास उनकी कार को एक बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। आरोप है कि हादसे के बाद बाइक सवारों ने नुकसान की भरपाई और कार की मरम्मत कराने का भरोसा दिलाते हुए उन्हें 22 गोदाम क्षेत्र स्थित एक गेराज पर ले गए। वहां पहुंचने के बाद बाइक सवार ने मरम्मत के लिए रुपए मंगवाने की बात कही और इसी दौरान अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। आसपास लोगों की आवाजाही से बचा पीड़ित पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ देर बाद वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसे जबरन अपनी कार में डालकर ले जाने का प्रयास भी किया। शोर-शराबा होने और आसपास लोगों की आवाजाही के बीच सतीश किसी तरह आरोपियों के कब्जे से निकलकर भागने में सफल रहा। घटना के बाद पीड़ित सीधे अशोक नगर थाने पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क हादसे से शुरू हुआ विवाद, अपहरण की कोशिश तक पहुंचा मामला प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामूली सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का उद्देश्य केवल मारपीट था या फिर वे ड्राइवर को जबरन कहीं ले जाने की साजिश के तहत उसे कार में डालने का प्रयास कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *