जौनपुर में अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय पर हमला:कोर्ट जाते समय अज्ञात हमलावरों ने लोहे की रॉड से सिर फोड़ा

जौनपुर में अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय पर हमला:कोर्ट जाते समय अज्ञात हमलावरों ने लोहे की रॉड से सिर फोड़ा

जौनपुर में दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय पर बुधवार सुबह हमला हुआ। अज्ञात हमलावरों ने उन्हें कोर्ट जाते समय निशाना बनाया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद अधिवक्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की और बड़ी संख्या में वकील लाइन बाजार थाने पहुंचे। अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने भारती नगर गंगा पट्टी स्थित आवास से बाइक से दीवानी न्यायालय जा रहे थे। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के इंग्लिश क्लब के पास तीन अज्ञात युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी और लोहे की रॉड से उनके सिर के पिछले हिस्से पर वार किया। हमले के कारण अधिवक्ता का सिर फट गया और वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद पीली कोठी की तरफ फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों और अन्य अधिवक्ताओं की मदद से घायल अंबे प्रसाद पांडेय को तत्काल लाइन बाजार थाने लाया गया। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। घटना की सूचना मिलने पर बार अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने लाइन बाजार थानाध्यक्ष से फोन पर बात कर आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में अधिवक्ता थाने पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त की। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *