जौनपुर में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों के खिलाफ जिला प्रशासन और आईटी मंत्रालय के निर्देश पर सख्त कार्रवाई की गई है। सीएससी के जिला प्रबंधक अनुराग सिंह ने बताया कि मानक के अनुरूप कार्य न करने वाले 100 जन सेवा केंद्रों को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। यह कार्रवाई उन केंद्रों पर की गई है जहाँ भारत सरकार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रॉपर ब्रांडिंग (CSC का बोर्ड) और रेट चार्ट (सेवाओं की मूल्य सूची) प्रदर्शित नहीं थी। विभाग ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया है। जिला प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि जिले में केवल वही सेंटर संचालित हो सकेंगे जो निर्धारित मानकों का पालन करेंगे। जिन केंद्रों पर प्रॉपर ब्रांडिंग और रेट लिस्ट नहीं लगी है, उन्हें चिन्हित कर बंद किया जा रहा है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं के नाम पर होने वाली अतिरिक्त वसूली से बचाना और केंद्रों की पहचान को स्पष्ट करना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी संचालक ने अनिवार्य ब्रांडिंग और रेट लिस्ट में कोताही बरती, तो उनका सेंटर बिना किसी पूर्व सूचना के निरस्त कर दिया जाएगा।


