Adani Airports को केंद्र का निर्देश, Navi Mumbai एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का शिफ्टिंग फैसला टालें

Adani Airports को केंद्र का निर्देश, Navi Mumbai एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का शिफ्टिंग फैसला टालें

नयी दिल्ली, छह अक्टूबर नागर विमानन मंत्रालय ने मंगलवार को अदाणी एयरपोर्ट्स से कहा कि वह फिलहाल मुंबई से नवी मुंबई हवाई अड्डे पर कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को स्थानांतरित करने के फैसले को टाल दे। सूत्रों ने बताया कि सरकार ने साथ ही कहा कि इस बदलाव की योजना तैयार करने के लिए आगे चर्चा की जाएगी। अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) ने एयरलाइंस से 25 अक्टूबर तक मुंबई हवाई अड्डे के लिए अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 33 प्रतिशत की कटौती करने या उन्हें बंद करने को कहा था, जिसका एयरलाइंस ने विरोध किया है।

एएएचएल मुंबई और नवी मुंबई दोनों हवाई अड्डों का संचालन करती है। वह मुंबई हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 का नवीनीकरण करने जा रही है, जिसके कारण उसने उड़ान संचालन के आंशिक स्थानांतरण का प्रस्ताव दिया है। इन मुद्दों पर चर्चा के लिए नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में एयरलाइंस, एएएचएल, फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस (एफआईए), वैश्विक एयरलाइंस समूह आईएटीए और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की।

सूत्रों ने बताया कि सचिव ने इस बदलाव को कुछ सप्ताह के लिए टालने का प्रस्ताव दिया है और एयरलाइंस के साथ ही हवाई अड्डा संचालक से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संचालन स्थानांतरित करने के लिए एक ठोस योजना मांगी है। एयरलाइंस और एएएचएल बदलाव की योजना पर 13 अक्टूबर को चर्चा करेंगे, और अंतिम रूपरेखा तय करने के लिए 20 अक्टूबर को एक और बैठक बुलाई जाएगी। सूत्रों के अनुसार, बैठक में एएएचएल के अधिकारियों ने हाल ही में शुरू हुए नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) पर सालाना 50 लाख तक अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने की अपनी तैयारियों का खाका पेश किया।

लगभग 90 मिनट तक चली इस बैठक के दौरान एएएचएल ने एयरलाइंस के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की और उनकी परिचालन संबंधी चिंताओं को दूर करने के साथ ही प्रस्तावित बदलाव और पुनर्विकास योजना से जुड़े सवालों के जवाब देने का प्रयास किया। सूत्रों ने कहा कि बातचीत रचनात्मक रही और सभी हितधारकों ने यात्रियों की सुविधा तथा परिचालन दक्षता बनाए रखते हुए समन्वित ढंग से बदलाव सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *