हादसे में चोरी की बाइक पर सवार युवक की मौत:सीतापुर में कार की टक्कर से हादसा, पुलिस युवक की पहचान में जुटी

हादसे में चोरी की बाइक पर सवार युवक की मौत:सीतापुर में कार की टक्कर से हादसा, पुलिस युवक की पहचान में जुटी

सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली में मंगलवार रात 10 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चोरी की बाइक पर सवार एक संदिग्ध युवक की मौत हो गई। हादसा ग्राम धर्मापुर पुलिया के पास हुआ, जहां एक कार और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिश्रिख भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक के पास कोई पहचान पत्र न मिलने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल के चेसिस नंबर के आधार पर जांच शुरू की। जांच में बाइक का पंजीकरण नंबर यूपी-30-सीए-6307 पाया गया, जो टड़ियावां थाना क्षेत्र के लोकई पुरवा निवासी शिव कुमार पुत्र चेतराम के नाम दर्ज है। जब पुलिस ने वाहन स्वामी से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल पहले ही चोरी हो चुकी है। इस जानकारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक युवक कौन था और वह चोरी की बताई जा रही बाइक तक कैसे पहुंचा। साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है। कोतवाल प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया कार और मोटरसाइकिल की टक्कर का मामला सामने आया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *