हरियाणा के नारनौल में थाना निजामपुर क्षेत्र के एक गांव से एक विवाहित महिला अपने मायके से लापता हो गई। इस बारे में विवाहिता के पिता ने पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव मौखुता निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी बेटी कोमल की शादी 12 मार्च 2017 को रेवाड़ी जिला के जाटूसाना निवासी व्यक्ति के साथ हुई थी। उसकी बेटी पिछले करीब छह महीनों से बीमारी के चलते मायके में रह रही थी। दवा लेने गई थी बीते कल वह अपनी मां के साथ सरकारी अस्पताल निजामपुर दवाई लेने के लिए गई थी, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने युवती की अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पिता पहुंचा थाना इसके बाद पिता ने थाना निजामपुर में पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। लापता युवती का हुलिया बताते हुए परिजनों ने बताया कि उसका रंग गोरा है, कद लगभग 5 फीट 3 इंच है, उसने नीले रंग का सूट-सलवार पहन रखा था, वह विवाहित है और उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है। मामला दर्ज शिकायत के आधार पर थाना निजामपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि युवती की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है और संभावित स्थानों पर पूछताछ की जा रही है।


