बांग्लादेश में ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम का भैंसा बना सुपरस्टार! 700 किलो है वजन, लोग दूर-दूर से लेने पहुंच रहे सेल्फी

बांग्लादेश में ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम का भैंसा बना सुपरस्टार! 700 किलो है वजन, लोग दूर-दूर से लेने पहुंच रहे सेल्फी

Donald Trump Buffalo Viral in Bangladesh: बांग्लादेश में ईद-अल-अजहा से पहले एक अनोखा भैंसा सोशल मीडिया और लोगों के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। करीब 700 किलो वजनी इस सफेद भैंसे का नाम लोगों ने ‘डोनाल्ड ट्रंप’ रख दिया है। इसकी वजह है इसका अनोखा लुक, हल्के रंग की चमड़ी और सिर के बाल, जो कई लोगों को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की याद दिलाते हैं।

ढाका के पास एक फार्म में मौजूद यह भैंसा अब स्थानीय आकर्षण बन चुका है। लोग दूर-दूर से इसे देखने पहुंच रहे हैं और इसके साथ सेल्फी ले रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रही हैं।

क्यों पड़ा डोनाल्ड ट्रंप नाम?

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भैंसे के मालिक जियाउद्दीन मृधा ने बताया कि उनके छोटे भाई ने सबसे पहले इस जानवर की तुलना डोनाल्ड ट्रंप से की थी। इसके बाद इसका नाम ही ‘डोनाल्ड ट्रंप’ पड़ गया। भैंसे की सफेद त्वचा और हल्के रंग के बाल लोगों को ट्रंप के चर्चित हेयरस्टाइल जैसे लगते हैं। हालांकि कई लोग मजाक में यह भी कह रहे हैं कि दिखने में ट्रंप जैसा होने के बावजूद इसका स्वभाव काफी शांत और सौम्य है।

एक स्थानीय आगंतुक ने बांग्लादेशी अखबार से बातचीत में कहा, चेहरा और बाल देखकर ट्रंप याद आ जाते हैं, लेकिन यह असली ट्रंप से कहीं ज्यादा शांत है।

ईद से पहले बना आकर्षण का केंद्र

ईद-अल-अजहा के मौके पर बांग्लादेश में बड़े जानवरों की खरीद-बिक्री का बाजार काफी सक्रिय रहता है। ऐसे में यह भैंसा लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बन गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह भैंसा पहले ही बिक चुका है लेकिन इसके बावजूद लोग इसे देखने फार्म तक पहुंच रहे हैं।

‘नेतन्याहू’ नाम का दूसरा भैंसा भी वायरल

सिर्फ ‘डोनाल्ड ट्रंप’ ही नहीं, बल्कि बांग्लादेश में एक और भैंसा भी सुर्खियों में है जिसका नाम इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर रखा गया है। नारायणगंज इलाके में मौजूद यह भैंसा करीब 750 किलो वजनी बताया जा रहा है। स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, यह भैंसा बेहद आक्रामक स्वभाव का है और अक्सर अपने हैंडलर्स पर झपटने की कोशिश करता है।

फार्म मैनेजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस भैंसे में चालाकी और गुस्से का अनोखा मिश्रण है, जिसकी वजह से इंटरनेट पर लोग इसकी तुलना नेतन्याहू से कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

दोनों भैंसों की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मजेदार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कुछ लोग इनकी तुलना विश्व नेताओं से करना हास्यास्पद लेकिन दिलचस्प बता रहे हैं, तो कुछ इसे सिर्फ मजाक और इंटरनेट ट्रेंड का हिस्सा मान रहे हैं। हालांकि एक बात साफ है कि ईद से पहले ये दोनों भैंसे बांग्लादेश में किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं बन गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *