जंगल में मिली मवेशी चराने गए बुजुर्ग की लाश:चेहरे और पेट पर गहरे जख्म, वन्यजीव के हमले से मौत की आशंका

जंगल में मिली मवेशी चराने गए बुजुर्ग की लाश:चेहरे और पेट पर गहरे जख्म, वन्यजीव के हमले से मौत की आशंका

सिवनी जिले के किंदरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाटन और दुमापुरी गांव के बीच जंगल में मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दादूलाल बरकड़े उम्र 60 वर्ष के रूप में हुई है। बुजुर्ग के सिर पर चोट के निशान और शरीर पर संदिग्ध निशान मिलने से उनकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दादूलाल सोमवार सुबह रोजाना की तरह मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उनके पुत्र श्रीराम ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने किंदरई थाने पहुंचकर पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। तलाश करने पहुंची पुलिस सूचना मिलने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों के साथ जंगल में तलाश अभियान शुरू किया। इसी दौरान पाटन और दुमापुरी के जंगल में बुजुर्ग का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर परिजन भी सकते में आ गए। बताया गया है कि मृतक के सिर से खून निकला हुआ था तथा पेट पर जंगली जानवर के सींग से चोट लगने जैसे निशान दिखाई दे रहे थे। इन परिस्थितियों के चलते यह आशंका भी जताई जा रही है कि बुजुर्ग का सामना जंगल में किसी जंगली जानवर से हुआ होगा। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मोबाइल लेकर गए थे परिजनों को मृतक का मोबाइल फोन नहीं मिलने के कारण भी शुरुआत में संदेह हुआ था, लेकिन पुलिस की तलाशी के दौरान मोबाइल फोन मृतक की जेब से ही बरामद हो गया। इससे मोबाइल गायब होने की आशंका दूर हो गई। पीएम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा किंदरई थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई और सिर पर चोट कैसे आई, इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *