रूपनगर-चंडीगढ़ मार्ग पर स्थित गुरुद्वारा यादगार धन धन बाबा दीप सिंह जी शहीद सोलखियां की पार्किंग से दो युवक मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए। वारदात गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। चोरी की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। मोटरसाइकिल मालिक गुरप्रीत सिंह पुत्र शमशेर सिंह निवासी डंगोली, थाना सदर रोपड़ ने बताया कि वह माथा टेकने के लिए मोटरसाइकिल पर गुरुद्वारा सोलखियां पहुंचे थे। उन्होंने बाइक गुरुद्वारे की पार्किंग में खड़ी की और माथा टेकने चले गए। वापस लौटने पर पार्किंग से मोटरसाइकिल गायब मिली। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मदद से पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दो युवक मोटरसाइकिल ले जाते दिखाई दिए। थाना सिंह भगवंतपुर पुलिस को शिकायत गुरप्रीत सिंह ने इस संबंध में थाना सिंह भगवंतपुर पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, चोरी की वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से आरोपियों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

