सिडनी, तीन नवंबर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, जिससे उनके 14 साल के करियर का अंत हो गया है। सीमित ओवरों की क्रिकेट के इस 38 वर्षीय धुरंधर खिलाड़ी ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से अपना आखिरी मैच इस साल की शुरुआत में आईसीसी टी20 विश्व कप के दौरान ओमान के खिलाफ खेला था। मैक्सवेल ने मंगलवार को ‘द फाइनल वर्ड’ पॉडकास्ट पर कहा, ‘‘मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ-साथ विक्टोरिया के लिए घरेलू क्रिकेट (50 ओवर के मैच और लाल गेंद से खेले जाने वाले चार दिवसीय क्रिकेट) से भी संन्यास ले रहा हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ओलंपिक खेलों (2028 में) को देखते हुए मुझे लगता है कि अगले 12 से 24 महीनों में काफी बदलाव होने वाले हैं, ऐसे में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि युवा खिलाड़ियों पर ध्यान दिया जाए और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के दबाव का सामना करने का मौका मिले।’’ अपनी पावर-हिटिंग के लिए ‘बिग शो’ के नाम से मशहूर मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 149 वनडे, 130 टी20 अंतरराष्ट्रीय और सात टेस्ट मैच खेले।
वह ऑस्ट्रेलिया की दो वनडे विश्व कप (2015 और 2023) और एक टी20 विश्व कप (2021) जीतने वाली टीमों के सदस्य भी रहे। उन्होंने कहा, ‘‘शायद अब समय आ गया है जब मुझे अपने शरीर पर थोड़ा और ध्यान देने की जरूरत है ताकि मैं अपने करियर में बाकी बचे हुए कुछ टूर्नामेंटों में भाग ले सकूं।’’ मैक्सवेल ने कहा, ‘‘मुझे इस बात की थोड़ी उम्मीद थी कि शायद मुझे एमसीजी (मेलबर्न) में विदाई मैच खेलने का मौका मिल सकता है, लेकिन मैं टीम प्रबंधन की आगे की रणनीति को अच्छी तरह से समझ सकता हूं।’’ मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की सीमित ओवरों की क्रिकेट के महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं और उनके शानदार प्रदर्शन से टीम ने कई मैच जीते। उन्होंने 2023 में वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ थकान के बावजूद दोहरा शतक लगाया था जिसे इस टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक गिना जाता है।
मैक्सवेल ने वनडे में 126.7 के स्ट्राइक रेट से 3,990 रन और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 154.4 के स्ट्राइक रेट से 2,897 रन बनाए। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में सभी प्रारूपों में 10 शतक और 136 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में से एक के रूप में अपनी पहचान बनाई।

