प्रतापगढ़ के दिलीपपुर थाना क्षेत्र के खूझीकला गांव में जमीन की पैमाइश के बाद राजस्व टीम द्वारा लगाए गए पत्थर नसब को उखाड़कर गायब करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खूझीकला गांव निवासी राम अजोर के अनुसार, जमीन के विवाद को लेकर उन्होंने एसडीएम से शिकायत की थी। एसडीएम के निर्देश पर 24 अक्टूबर को पुलिस की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची और विवादित जमीन की पैमाइश की। पैमाइश पूरी होने के बाद राजस्व टीम ने जमीन की सीमा निर्धारित करते हुए मौके पर पत्थर नसब लगा दिए थे। आरोप है कि बाद में चार लोगों ने पत्थर नसब उखाड़कर गायब कर दिए।

