US Midterm Election: अमेरिका में नई कांग्रेस चुनने के लिए हो रहे मिडटर्म इलेक्शन से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता अपने सबसे निचले स्तर के करीब है। रॉयटर्स और इप्सोस द्वारा 1,765 अमेरिकी के बीच किए गए एक सर्वे के अनुसार, केवल 32 प्रतिशत लोग ही राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप के कामकाज से संतुष्ट हैं। यह आंकड़ा दो हफ्ते पहले दर्ज किए गए 31 प्रतिशत के अब तक के सबसे निचले स्तर से सिर्फ एक प्रतिशत अंक ऊपर है। 2 प्रतिशत के मार्जिन ऑफ एरर वाले इस सर्वे से यह साफ है कि भले ही ट्रंप सीधे चुनावी मैदान में नहीं हैं, लेकिन यह चुनाव उनके कामकाज और प्राथमिकताओं पर एक जनमत संग्रह बन गया है।
जेनेरिक बैलेट में डेमोक्रेट्स 8 अंक आगे
सर्वेक्षण में जेनेरिक कांग्रेसनल बैलेट में डेमोक्रेटिक पार्टी को रिपब्लिकन पार्टी पर काफी बढ़त हासिल है। डेमोक्रेट्स को 46 प्रतिशत समर्थन मिला है, जबकि रिपब्लिकन्स को 38 प्रतिशत समर्थन प्राप्त है। हालांकि एक हफ्ते पहले का 11 अंकों का अंतर अब घटकर 8 अंक रह गया है, फिर भी यह रिपब्लिकन पार्टी के लिए एक चेतावनी का संकेत है।
खास बात यह है कि स्वतंत्र मतदाताओं का रुख मौजूदा प्रशासन के लिए एक बड़ी सिरदर्द साबित हो रहा है। सर्वेक्षण में शामिल 50 प्रतिशत स्वतंत्र मतदाताओं ने साफ तौर पर कहा कि वे राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी नीतियों के खिलाफ वोट देंगे। केवल 13 प्रतिशत स्वतंत्र मतदाताओं ने कहा कि वे ट्रंप के समर्थन में वोट देंगे, जबकि 33 प्रतिशत ने बताया कि उनके वोट देने के फैसले में राष्ट्रपति की कोई भूमिका नहीं है।
इसके अलावा, मतदान को लेकर उत्साह के मामले में भी डेमोक्रेट्स आगे नजर आए। उनके 49 प्रतिशत समर्थकों ने कहा कि वे वोट डालने के लिए बहुत उत्साहित हैं। रिपब्लिकन समर्थकों में यह आंकड़ा 33 प्रतिशत रहा।
कॉस्ट ऑफ लिविंग बना बड़ा मुद्दा
चुनावी समीकरण में आर्थिक दबाव सबसे महत्वपूर्ण कारक बनकर सामने आया है। सर्वेक्षण में 78 प्रतिशत मतदाताओं ने जीवन-यापन की बढ़ती लागत को अपना वोट तय करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा बताया। इस आर्थिक मोर्चे पर भी मतदाताओं ने डेमोक्रेट्स पर अधिक भरोसा जताया, जहां डेमोक्रेट्स को 43% और रिपब्लिकन्स को 32% वोटरों का समर्थन मिला।
प्रेडिक्शन मार्केट्स में भी डेमोक्रेट्स भारी
अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी 435 सीटों के लिए मतदान चल रहा है।जनमत सर्वेक्षणों के अनुसार, डेमोक्रेट्स निचले सदन में आसानी से बहुमत हासिल कर सकते हैं, जबकि सीनेट में मुकाबला कड़ा बना हुआ है। चुनावी नतीजों को लेकर प्रेडिक्शन मार्केट प्लेटफॉर्म कालशी (Kalshi) और पॉलीमार्केट (Polymarket) के अनुमानों में भी यही रुझान नजर आ रहा है।
इन प्लेटफॉर्म्स के आंकड़ों के अनुसार, दोनों सदनों (हाउस और सीनेट) में डेमोक्रेट्स की जीत की संभावना कालशी पर 64% और पॉलीमार्केट पर 66% है। वहीं, ऐसी स्थिति जिसमें डेमोक्रेट्स हाउस जीत जाएं और सीनेट पर रिपब्लिकन का नियंत्रण बना रहे, उसकी संभावना कालशी’पर 28% और पॉलीमार्केट पर 27% है।
इसके विपरीत, दोनों सदनों पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण बने रहने की संभावना काफी कम है, जिसे कालशी पर 9.3% और पॉलीमार्केट पर 8% आंका गया है। सबसे कम संभावना इस बात की है कि रिपब्लिकन्स हाउस जीतें और डेमोक्रेट्स सीनेट, जिसके आसार कालशी पर महज 0.9% और पॉलीमार्केट पर 1% से भी कम है।


Democratic 52%
Republican 44%
Disapprove 63%
Approve 36%
(@PollTracker2024)