Cyclone Murasu: चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट, तमिलनाडु से आंध्र प्रदेश भेजी गईं NDRF की तीन टीमें

Cyclone Murasu: चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट, तमिलनाडु से आंध्र प्रदेश भेजी गईं NDRF की तीन टीमें

Andhra Pradesh Cyclone Alert: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मुरासु के खतरे को भांपते हुए आपदा प्रबंधन कार्यों में मदद के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। तमिलनाडु के अरक्कोनम के पास स्थित चौथी बटालियन से नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की तीन टीमें आंध्रप्रदेश भेजी गई हैं। इन तीन टीमों में कुल 90 जवान शामिल हैं।

इन इलाकों में जाएंगी ये टीमें

राहत एवं बचाव कार्यों में मदद करने के लिए ये टीमें नेल्लोर, प्रकाशम और मरकापुरम जैसे इलाकों में जा रही हैं। एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि NDRF की इन विशेष टीमों में से प्रत्येक में 30-30 जवान हैं। बंगाल की खाड़ी में उठे इस नए चक्रवाती तूफान ने आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की चिंता बढ़ा दी है। समुद्र से उठ रहा यह तूफान जैसे-जैसे तट की ओर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे प्रशासन की सतर्कता बढ़ती जा रही है।

2 से 3 नवंबर की रात के बीच टकरा सकता है तूफान

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव रविवार को चक्रवाती तूफान मुरासु में तब्दील हो गया था। इसके बाद भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी किया था कि यह तूफान सोमवार सुबह तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके बाद यह 2 नवंबर की आधी रात से 3 नवंबर की सुबह के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु के आसपास के तटीय इलाके इसकी चपेट में आ सकते हैं।

स्कूल बंद हुए, फ्लाइट रद्द हुई

चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश की संभावना को देखते हुए, चेन्नई और तिरुवल्लूर के अधिकारियों ने स्कूल और कॉलेज दोनों में छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं, इंडिगो ने विशाखापट्टनम के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को चेताया गया है कि खराब मौसम के चलते फ्लाइट्स में देरी हो रही है।

वहीं, आंध्र प्रदेश के अलावा तमिलनाडु के चेन्नई एयरपोर्ट पर भी खराब मौसम के कारण 2 नवंबर को 11 उड़ानें रद्द होने की खबर सामने आई है। इनमें विजयवाड़ा, राजमुंदरी, कडप्पा और तिरुचिरापल्ली से जुड़ी सेवाएं शामिल हैं। इसके साथ ही IMD ने तेलंगाना के छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और पांच जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *