तेज हवाओं में नियंत्रण खोने से खेतों में गिरा पैराग्लाइडर:बीड़-बिलिंग से भरी थी सोलो उड़ान, ग्रामीणों और बचाव दल ने एक किलोमीटर तक स्ट्रेचर पर पहुंचाया सड़क तक

तेज हवाओं में नियंत्रण खोने से खेतों में गिरा पैराग्लाइडर:बीड़-बिलिंग से भरी थी सोलो उड़ान, ग्रामीणों और बचाव दल ने एक किलोमीटर तक स्ट्रेचर पर पहुंचाया सड़क तक

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पैराग्लाइडिंग के दौरान हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जोगेंद्रनगर उपमंडल के गुम्मा क्षेत्र में तेज हवाओं के चलते एक विदेशी पैराग्लाइडर पायलट नियंत्रण खो बैठा और खेतों में जा गिरा। हादसे में ऑस्ट्रिया निवासी 50 वर्षीय निकोलस थामस घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जोगेंद्रनगर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार, निकोलस ने दोपहर के समय बीड़-बिलिंग से सोलो उड़ान भरी थी। गुम्मा की पहाड़ियों के पास पहुंचने पर तेज हवाओं के कारण वह पैराग्लाइडर पर नियंत्रण नहीं रख सके। इसके चलते पैराग्लाइडर गुम्मा और छानग के बीच खेतों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में उनकी पीठ पर चोट आई। पैराग्लाइडर को खेतों में गिरता देख स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, घटनास्थल तक सड़क की सीधी पहुंच नहीं होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में मुश्किल आई। ग्रामीणों और बचाव दल के सदस्यों ने घायल पायलट को स्ट्रेचर पर करीब एक किलोमीटर तक पैदल उठाकर सड़क तक पहुंचाया। वहां से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से जोगेंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया गया। दो दिन में दूसरा हादसा गौरतलब है कि मंडी जिले के घटासनी क्षेत्र में भी दो दिन पहले एक विदेशी पैराग्लाइडर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उसने भी बीड़-बिलिंग से ही उड़ान भरी थी। लगातार सामने आ रहे हादसों ने पैराग्लाइडिंग गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था और उड़ान के दौरान मौसम संबंधी सावधानियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *