एटा में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया के दौरान दिव्यांग शिक्षकों को नियमानुसार आरक्षण का लाभ दिलाने की मांग उठाई गई। इस संबंध में दिव्यांग शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से मुलाकात कर अपनी मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने शासन के निर्धारित नियमों का हवाला देते हुए पदोन्नति में दिव्यांगजन आरक्षण का लाभ सुनिश्चित कराने की मांग की। शिक्षकों ने कहा कि दिव्यांग शिक्षक भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में पदोन्नति प्रक्रिया में उन्हें नियमानुसार आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। इस पर बीएसए ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मांग पर शासन के नियमों और निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में रवि सिंह, मनोज कुमार, हरिशंकर कश्यप, लोकेन्द्र कठेरिया, राम गोविंद सिंह चौहान और ममता शर्मा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

