जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी को रविवार को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। चुनाव प्रचार के लिए झाब पहुंचे सांसद को ग्रामीणों ने रास्ते में रोककर पंचायत समिति हटाने का कारण पूछा। इस दौरान लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए पंचायत समिति को यथावत रखने की मांग उठाई। जानकारी के अनुसार, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के चुनाव और 5 नवंबर को होने वाले सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव को लेकर सांसद लुंबाराम चौधरी रविवार को झाब में प्रचार करने और ग्रामीणों से वोट मांगने पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और कहा- झाब पंचायत समिति को हटाने के बाद सांसद एक बार भी ग्रामीणों से मिलने या उनकी सुध लेने नहीं आए। अब चुनाव के समय वोट मांगने क्यों आए हैं? ग्रामीणों ने पंचायत समिति को दोबारा यथावत करने की मांग करते हुए सांसद से जवाब मांगा। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस, भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ आमजन भी शामिल हुए। विरोध और नारेबाजी के बीच सांसद बिना कोई आश्वासन दिए वहां से रवाना हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो रविवार शाम का बताया जा रहा है। इस संबंध में भास्कर ने सांसद लुंबाराम चौधरी से बात करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। बता दें जालोर जिले में भाजपा सरकार ने 1 दिसंबर 2025 को 4 पंचायत समिति भाद्राजून, उम्मेदाबाद, झाब व सरवाना को पंचायत समिति बनाया गया था, जिसमें आपत्तियों के बाद 29 दिसंबर को 2025 को सरकार ने फिर झाब पंचायत समिति को रद्द कर भादरूणा को पंचायत समिति बनाया था। उसके बाद से शुरू हुआ विरोध अभी भी जारी हैं।

