गुरुद्वारा मंजी साहिब में फायरिंग का मुख्य शूटर गिरफ्तार:पुलिस ने 200 किलोमीटर के रास्ते के CCTV फुटेज खंगाले; दूसरे शूटर की तलाश जारी

गुरुद्वारा मंजी साहिब में फायरिंग का मुख्य शूटर गिरफ्तार:पुलिस ने 200 किलोमीटर के रास्ते के CCTV फुटेज खंगाले; दूसरे शूटर की तलाश जारी

लुधियाना देहात पुलिस ने गांव राजोआणा कलां स्थित गुरुद्वारा मंजी साहिब में फायरिंग करने के मामले में मुख्य शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने करीब 200 किलोमीटर के बैकवर्ड और फॉरवर्ड रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी व ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे काबू किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज सिंह उर्फ राजू निवासी नूरपुर मछीवाड़ा जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब उसके दूसरे साथी शूटर की तलाश में जुटी है। एसएसपी डॉ.अंकुर गुप्ता ने बताया कि 28 अक्टूबर की सुबह करीब 3:10 बजे दो नकाबपोश व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर गुरुद्वारा मंजी साहिब के अंदर दाखिल हुए और फायरिंग करने के बाद फरार हो गए थे। घटना के संबंध में थाना सुधार में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए लुधियाना देहात पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीमों ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों के आने-जाने वाले करीब 200 किलोमीटर के रास्ते पर विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। तकनीकी जांच और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस मुख्य शूटर तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आया है कि गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार कुलवंत सिंह को ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से धमकियां दी जा रही थीं। इसी सिलसिले में गुरुद्वारा साहिब में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दूसरे शूटर को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पूछताछ की जाएगी। जांच के दौरान यदि अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता के अनुसार, लुधियाना देहात पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीमों ने गांव गगड़ा स्थित गुरुद्वारा गोपालसर साहिब तथा गांव राजोआणा कलां स्थित गुरुद्वारा मंजी साहिब में फायरिंग की घटनाओं को रिकॉर्ड समय में ट्रेस कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *