नयी दिल्ली, दो नवंबर एचडीएफसी कैपिटल ने रियल एस्टेट कंपनी दिव्यश्री डेवलपर्स के साथ आवासीय परियोजनाएं विकसित करने के लिए 1,500 करोड़ रुपये का मंच बनाने के लिए साझेदारी की है। बेंगलुरु स्थित दिव्यश्री डेवलपर्स ने सोमवार को बयान में कहा कि उसने एचडीएफसी कैपिटल एडवाइजर्स लिमिटेड के साथ ‘‘भारत में 1,500 करोड़ रुपये का आवासीय मंच स्थापित करने’’ के लिए साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत दिव्यश्री को अगले तीन से चार वर्षों में आवासीय परियोजनाओं के अधिग्रहण और विकास में मदद के लिए पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी।
इन परियोजनाओं से 6,750 करोड़ रुपये का संभावित राजस्व मिलने की उम्मीद है। ये परियोजनाएं बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में विकसित की जाएंगी। एचडीएफसी कैपिटल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विपुल रूंगटा ने कहा, ‘‘भारत का आवासीय रियल एस्टेट क्षेत्र संस्थागत समर्थन से विकास के लिए लगातार अच्छे अवसर दे रहा है।
शहरी बाजारों में बेहतर गुणवत्ता वाले आवास की लगातार बनी मांग से इसे समर्थन मिल रहा है।’’
उन्होंने कहा कि दिव्यश्री डेवलपर्स के पास रियल एस्टेट विकास का मजबूत अनुभव, बाजार की गहरी समझ और गुणवत्तापूर्ण कामकाज के प्रति प्रतिबद्धता है। दिव्यश्री डेवलपर्स के चेयरमैन एवं सीईओ भास्कर एन राजू ने कहा कि यह मंच कंपनी को आवासीय कारोबार के विस्तार के अपने दृष्टिकोण को साकार करने में मदद करेगा। दिव्यश्री डेवलपर्स दक्षिण भारत की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है।
कंपनी का विविध कारोबार वाणिज्यिक, आवासीय, परिसंपत्ति प्रबंधन, आतिथ्य, सह-निवास और शिक्षा क्षेत्रों में फैला हुआ है। एचडीएफसी कैपिटल, एचडीएफसी बैंक लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी है और एचडीएफसी समूह की रियल एस्टेट निजी इक्विटी इकाई है। एचडीएफसी कैपिटल मुख्य तौर पर किफायती एवं मध्यम आय वर्ग के आवासों के विकास के वित्तपोषण के लिए काम करती है।

