Indore में RSS के कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक शुरू, 400 प्रतिनिधि शामिल

Indore में RSS के कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक शुरू, 400 प्रतिनिधि शामिल

इंदौर (मध्यप्रदेश), दो नवंबर इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक सोमवार से शुरू हो गई जिसमें संगठन की स्थापना के शताब्दी वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा के साथ ही संगठनात्मक ढांचे में प्रस्तावित बदलाव और विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा होगी। संघ पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी। संघ के प्रमुख मोहन भागवत और सरकार्यवाह (महासचिव) दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित करके तीन दिवसीय बैठक की औपचारिक शुरुआत की।

शहर के प्रतिष्ठित विद्यालय डेली कॉलेज में हो रही बैठक के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल, संघ का प्रमुख संगठनात्मक निकाय है। संघ के अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख नरेन्द्र कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि मंडल की नियमित बैठक में देश भर के करीब 400 लोग भाग ले रहे हैं जिनमें संघ पदाधिकारियों के साथ ही इस संगठन से प्रेरित 32 संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान पिछले एक साल में आयोजित कार्यक्रमों, ‘पंच परिवर्तन’ अभियान और संगठन के विस्तार की समीक्षा व आगामी क्रियान्वयन पर चर्चा होगी। कुमार ने बताया कि बैठक में सरसंघचालक भागवत द्वारा महाराष्ट्र के नागपुर में विजयादशमी पर दिए गए उद्बोधन में उठाए गए समसामयिक विषयों पर भी चर्चा की जाएगी और इन्हें समाज तक पहुंचाने की योजना पर विचार होगा। आयोजन स्थल पर एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है जो धार के ऐतिहासिक स्मारक भोजशाला, संघ की विभिन्न गतिविधियों और अन्य विषयों पर केंद्रित है।

संघ के मजबूत गढ़ माने जाने वाले पश्चिमी मध्यप्रदेश के मालवा अंचल में यह बैठक ऐसे वक्त हो रही है, जब देश में पिछले दिनों हुए विभिन्न आंदोलन सामाजिक और राजनीतिक विमर्श के केंद्र में हैं। संघ पदाधिकारियों के मुताबिक बैठक में जनसंचार के नये माध्यमों की सामग्री (कंटेंट), देश में बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप, वैश्विक परिदृश्य और नशीले पदार्थों की समस्या जैसे विषयों पर चर्चा अपेक्षित है। संघ की स्थापना विजयादशमी पर 27 सितंबर 1925 को नागपुर में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी।

पदाधिकारियों के मुताबिक संघ देश भर में एक लाख से ज्यादा दैनिक शाखाएं संचालित करता है और पिछले एक साल में इसकी 13,000 से अधिक नयी शाखाएं शुरू हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *