राजस्थान की किशोरियों को अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व निखारने का मंच देने के उद्देश्य से राज्य के पहले टीनएज गर्ल्स स्टेट पेजेंट ‘टीन मिस राजस्थान’ के रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। प्रतियोगिता में 13 से 19 वर्ष तक की युवतियां हिस्सा ले सकेंगी। आयोजकों के अनुसार, रजिस्ट्रेशन शुरू होने के बाद अब तक करीब 200 एंट्रीज मिल चुकी हैं। उन्हें उम्मीद है कि इस बार प्रतियोगिता के लिए 1000 से अधिक आवेदन प्राप्त होंगे। पेजेंट की फाउंडर डायरेक्टर एकता जैन ने बताया कि इसका उद्देश्य राजस्थान की युवा प्रतिभाओं को मंच देना और उनमें आत्मविश्वास तथा व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के जरिए चयनित प्रतिभागियों और विजेताओं को आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकेगा। आयोजकों के मुताबिक, यह मंच किशोरियों को अपने हुनर और आत्मविश्वास के दम पर व्यापक पहचान बनाने की दिशा में अवसर उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है।
राजस्थान से संबंध होना जरूरी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी का राजस्थान से संबंध होना अनिवार्य है। आयोजकों के अनुसार, प्रतिभागी का जन्म राजस्थान में हुआ हो या वह राज्य की मूल निवासी हो। इसके प्रमाण के तौर पर राजस्थान से संबंधित वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा।
‘टीन मिस राजस्थान’ के ऑडिशन 15 नवंबर को जयपुर के होटल प्राइम सफारी में आयोजित होंगे। प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 21 दिसंबर को जयपुर के बीलवा पैलेस में होगा। आयोजन को लेकर आधिकारिक पोस्टर भी लॉन्च किया गया। इस अवसर पर फाउंडर डायरेक्टर एकता जैन, मिस राजस्थान के आयोजक योगेश मिश्रा और ग्रूमिंग एवं कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी संभाल रहीं शैलजा सूरी सहित आयोजन से जुड़े सदस्य मौजूद रहे। 13 से 19 वर्ष की इच्छुक प्रतिभागी प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं। अधिक जानकारी और रजिस्ट्रेशन के लिए आयोजकों ने 9314612168 नंबर जारी किया है। इसके अलावा ‘टीन मिस राजस्थान’ के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।

