कोटा में हिस्ट्रीशीटर के घर में घूसकर उसकी मां और पत्नी पर तलवार से हमला करने वाले बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया है। घटना 28 अक्टूबर की कोटा के दादाबाड़ी थाना क्षेत्र के बालाकुंड इलाके की है। बदमाशों ने दादावाड़ी थाने के हिस्ट्रीशीटर चंदू के घर में घुसकर 60 वर्षीय महिला और उसकी बहू के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने रविवार को 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी सहायता, मुखबिर तंत्र और आसूचना संकलन के आधार पर तीन दिन तक तलाश कर आरोपियों को पकड़ा। कोटा एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 29 अक्टूबर को बालाकुंड की रहने वाली कैला बाई ने दादाबाड़ी थाने में रिपोर्ट दी थी। महिला ने बताया कि 28 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे चार-पांच बदमाश उनके घर पहुंचे और बेटे के बारे में पूछने लगे। बेटे के घर पर नहीं होने की बात कहने पर बदमाश घर में घुस गए और तलवार व डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने उनकी बहू नेहा के हाथ पकड़कर तलवार से जानलेवा हमला किया। हमले में बहू को गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए दादाबाड़ी थानाधिकारी बलदेव राम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी सहायता से आरोपियों का पता लगाया। पुलिस ने अरुण उर्फ बिल्ला दगोरिया (25), कुलदीप पंवार (24) और राज घारू (22) को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र के केशवपुरा और एक चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा क्षेत्र का निवासी है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

