71वें मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के मौके पर संदीपनि विद्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान डॉ हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय और सांदीपनी विद्यालय सागर के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् व समापन राष्ट्रगान के गायन से हुआ। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा- मध्यप्रदेश को भारत का हृदय प्रदेश और सागर को मध्यप्रदेश का हृदय कहा जाता है। यही हमारा गौरव है। उन्होंने कहा- प्रदेश में निवेश, उद्योग, स्टार्टअप और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पानी सहित विकास के सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा- मध्यप्रदेश के साथ सागर भी विकसित बन रहा है। सागर में सभी क्षेत्रों में कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में सिंचाई के साधन बढ़ रहे हैं। मप्र इतिहास और संस्कृति का अनूठा संगम महापौर संगीता तिवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश इतिहास और संस्कृति का अनूठा संगम है। यहां की गौरवशाली जनजातीय संस्कृति और आंचलिक संस्कृति ही मध्यप्रदेश की पहचान है। सागर में समृद्ध विरासत के साथ विकास हो रहा है। कृषि क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले किसान सम्मानित मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में जैविक प्राकृतिक तकनीक से दलहन की खेती, मक्का सायलेज यूनिट की स्थापना, कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से आधुनिक यंत्रों की उपलब्धता, प्राकृतिक खेती, कृषक उत्पादक संगठन का गठन, बीआरसी सेंटर के माध्यम से जैविक आदानों का निर्माण, प्राकृतिक रूप से सब्जियों का उत्पादन सहित कृषि के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान देवेन्द्र पांडेय मढखेरा, अरविन्द्र तिवारी रहली, भूपेन्द्र ठाकुर ढाना, करण यादव सिमरिया, राहुल सिंह ठाकुर पीपरा, हर प्रसाद पटेल कंकरकुईया, उमेश पटेल गुलउआ को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज विजेता के रूप में जय हिंद राजपूत छिरारी को ट्रैक्टर, संदेश ठाकुर सेमरखेड़ी बीना को बुलेट बाइक, यश जैन खिमलासा को ई-स्कूटर पुरस्कार में दी गई।

