पंचाल समाज चौखरा बांसवाड़ा की ओर से रविवार को प्रथम सामूहिक गंगोद्यापन, तुलसी विवाह और एकादशी उद्यापन समारोह की शुरुआत कुशलबाग मैदान में हुई। समारोह की शुरुआत चंद्रपोल गेट स्थित बालमुकुंद हनुमान मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। गाजे-बाजे और भक्तिमय माहौल के बीच निकाली गई यह शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई कुशलबाग मैदान पहुंची, जहां ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। कुशलबाग मैदान में तलवाड़ा निवासी यजमान प्रेमचंद पंचाल और उनके परिवार ने पंडित निकुंज मोहन पंड्या के सानिध्य में विधि-विधान से भूमि पूजन, हवन और नारियल होम की रस्म संपन्न की। इसके बाद मुख्य स्थान पर ध्वज फहराया गया। समारोह के दौरान तुलसी माता के यजमान अम्बालाल पंचाल (तलवाड़ा) और भगवान श्रीकृष्ण के यजमान भगवतीलाल भूंगड़ा के परिवार द्वारा लग्न लिखाई की परंपरा निभाई गई। इस दौरान समाज की महिलाओं ने मंगल गीत गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में चौदह चौखरों के अध्यक्ष धुलजी भाई पंचाल, बांसवाड़ा चौखरा अध्यक्ष सुरेंद्र पंचाल, संरक्षक अमृतलाल पंचाल सहित 28 यजमान परिवारों, समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। मीडिया प्रभारी महेश हरिओम ने बताया कि मुख्य सामूहिक गंगोद्यापन, तुलसी विवाह एवं एकादशी उद्यापन समारोह आगामी 19 से 22 नवंबर 2026 तक कुशलबाग मैदान में आयोजित किया जाएगा। समाज के लोगों ने इसे ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प लिया।

