बदायूं में उघैती कस्बे के रामलीला ग्राउंड में आदर्श रामलीला क्लब के तत्वावधान में आयोजित रामलीला का रावण वध की लीला के साथ भव्य समापन हो गया। अंतिम दिन कलाकारों ने भगवान श्रीराम और रावण के बीच हुए भीषण युद्ध का शानदार मंचन किया। श्रीराम के हाथों रावण का वध होते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या लौटने की लीला का मंचन किया गया। अयोध्या पहुंचने पर भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। इस मौके पर मुनेंद्र सिंह राठौर, रामनिवास चित्तौड़िया, मनोज पालीवाल, डॉ. मुनेश पाल सिंह, हरपाल झा, प्रेमपाल शर्मा और चंद्रपाल गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

