बूंदी में ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत रविवार को को नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें करीब 150 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में 1 से 7 नवंबर तक ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह मनाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, महिला अपराध अनुसंधान प्रकोष्ठ जसवीर मीणा के पर्यवेक्षण में जागरूकता गतिविधियां हो रही हैं। लोगों से नशे से दूर रहने की अपील
पुलिसकर्मियों ने नशा मुक्ति से जुड़े संदेशों और नारों वाली तख्तियां लेकर लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’, ‘नशा मुक्त युवा, सशक्त भारत’ और ‘नशे को कहें ना, जिंदगी को कहें हां’ जैसे नारे लगाए। रैली पुलिस लाइन बूंदी से शुरू होकर महाविद्यालय चौराहा, परिपथ आवास, बत्ती तिराहा, गोपाल सिंह प्लाजा और बहादुर सिंह चौराहा होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंची। रास्ते में पुलिसकर्मियों ने लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया और नशा मुक्त समाज बनाने में साथ देने की अपील की।

