धौलपुर जिले में पंचायत चुनाव के पहले चरण में 3 नवंबर को 126 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इस दौरान जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोट डाले जाएंगे। राजस्थान में यह पंचायत चुनाव का तीसरा चरण है।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बीटी के निर्देशन में चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं।
पहले चरण के मतदान के लिए 49 मोबाइल पुलिस पार्टियां बनाई गई हैं। 12 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। हर मतदान केंद्र पर एक-चार का अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग देकर ड्यूटी और सुरक्षा से जुड़े निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने जवानों से सतर्क रहने और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर खास निगरानी रखने को कहा है।
सोमवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज से मतदान दलों को केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। 5 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। चुनाव के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीमें निगरानी रखेंगी।

