लखनऊ के मड़ियांव स्थित हाईवे हॉस्पिटल में रविवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की पहचान ऊषा के रूप में हुई है। वह पैर का ऑपरेशन कराने के लिए पिछले 5 दिनों से अस्पताल में भर्ती थी। परिजनों के मुताबिक, महिला की मौत से कुछ देर पहले तक उसकी हालत सामान्य थी। उसने चाय-नाश्ता किया था और परिवार के लोगों से हंसकर बात कर रही थी। इसी दौरान पैर में मामूली दर्द होने पर उसने डॉक्टर को बताया। आरोप है कि डॉक्टर ने उसे इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ देर बाद अचानक उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू महिला की मौत के बाद अस्पताल में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मड़ियांव थाना प्रभारी आलोक राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

