शाहजहांपुर के मदनापुर में रविवार दोपहर करीब 1 बजे ससुराल जा रहे युवक को गोली लग गई। युवक ने अपने दो पड़ोसियों पर रास्ते में घेरकर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस को घटना की परिस्थितियां संदिग्ध लग रही हैं। दोनों पक्षों के बीच पहले से मुकदमेबाजी चलने की बात भी सामने आई है। कच्चे रास्ते पर हुई घटना हालपुर पट्टी निवासी उमेश सिंह का बेटा रविंद्र सिंह उर्फ टिल्लू रविवार दोपहर गांव ढुकुरी खुर्द स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। इसी दौरान बरुआ पट्टी सनायक से ढुकुरी खुर्द जाने वाले कच्चे रास्ते पर खादिया हार में उसके साथ घटना हुई। रविंद्र के मुताबिक, पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने उसे घेर लिया। इनमें से एक युवक ने गोली चला दी, जिससे वह लड़खड़ाकर गिर पड़ा। इसके बाद दूसरी गोली चलाई गई, जो उसके दाएं पैर में लगी। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। इसके बाद दोनों बाइक सवार बरुआ पट्टी सनायक की ओर भाग गए। रविंद्र के ससुराल वाले भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस उसे सीएचसी मदनापुर ले गई। रविंद्र ने अपने दो पड़ोसियों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। उसकी शादी करीब 10 साल पहले गांव ढुकुरी खुर्द निवासी तिनकू सिंह की बेटी ईनू देवी से हुई थी। पुलिस को घटना की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। शुरुआती जांच में घटना की परिस्थितियां संदिग्ध लग रही हैं। दोनों पक्षों के बीच पहले से मुकदमेबाजी चलने की बात भी सामने आई है। घायल को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले में पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों और वजह का पता चल सकेगा।

