दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के सुरही उमरिया गांव में रविवार सुबह ई-रिक्शा पलटने से तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा में दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान रिक्शा आगे बढ़ा और पलट गया। बच्चा उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रिक्शा के नीचे दबा बच्चा, परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे मृतक की पहचान अजीत पिता देवेंद्र अहिरवार (3) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अजीत घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा में दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान रिक्शा अचानक आगे बढ़ा और पलट गया। अजीत उसके नीचे दब गया। परिजनों ने रिक्शा उठाकर उसे बाहर निकाला और हिंडोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक जांच के बाद गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत अस्पताल प्रबंधक डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि अजीत को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर हिंडोरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू की। पंचनामा कार्रवाई और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

