सरदूलगढ़ से आम आदमी पार्टी (AAP) के मौजूदा विधायक गुरप्रीत सिंह बनांवाली को दोबारा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। रविवार को उनके समर्थकों द्वारा उनके निवास स्थान पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया गया। इस मौके पर टिकट मिलने के बाद बनांवाली ने पार्टी हाईकमान का धन्यवाद किया और अपने कार्यकाल के दौरान करवाए गए विकास कार्यों को गिनाया।बनांवाली ने कहा कि उन्होंने सरदूलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा का स्तर सुधारने, किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने और गांवों में गुटबाजी खत्म करने के लिए काम किया है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार की ओर से गांवों के विकास के लिए करोड़ों रुपये की ग्रांट जारी की गईं, जिनसे क्षेत्र के प्रत्येक गांव में विकास कार्य करवाए गए हैं।
घग्गर नदी की समस्या हल करने का किया दावा
विधायक ने कहा कि सरदूलगढ़ क्षेत्र से होकर गुजरने वाली घग्गर नदी लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण रही है। उनकी ओर से इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए गए हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और लोगों की समस्याओं को हल करने को प्राथमिकता देने की बात कही। हरियाणा सीमा से नशा आने का आरोप
पंजाब में नशे के मुद्दे पर बनांवाली ने कहा कि सरदूलगढ़ की हरियाणा से लगती सीमा के रास्ते पंजाब में नशे की सप्लाई हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि हरियाणा और केंद्र में एक ही पार्टी की सरकार होने के चलते इस मामले में गंभीरता दिखाई जाए और नशे की तस्करी रोकने के लिए सीमाओं पर सख्ती की जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार भी नशे के खिलाफ गंभीरता से काम कर रही है और राज्य में ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान चलाया जा रहा है।
परविंदर झोटा की हत्या को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। उन्होंने कहा कि परविंदर सिंह भी नशे के खिलाफ आवाज उठा रहे थे और नशे के खात्मे के लिए काम कर रहे थे।
वहीं, सरदूलगढ़ के गांव भंमे में युवक की मौत के मामले पर बनांवाली ने कहा कि वह पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस मामले का समाधान करवाने के प्रयास किए जाएंगे।

