Siang Project: प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी पर अरुणाचल प्रदेश के 3 जिलों में बंद

Siang Project: प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी पर अरुणाचल प्रदेश के 3 जिलों में बंद

ईटानगर, एक नवंबर अरुणाचल प्रदेश में सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट (एसयूएमपी) का विरोध कर रहे लोगों की गिरफ्तारी के खिलाफ सियांग अफेक्टेड एरिया यूथ एसोसिएशन (एसएएवाईए) ने दो नवंबर को बंद का आह्वान किया गया है। एसएएवाईए ने बोगुम बोकांग वेलफेयर सोसाइटी (बीबीडब्ल्यूएस) को पत्र लिखकर बंद को समर्थन देने की अपील की है। बीबीडब्ल्यूएस बोगुम बोकांग-टूटिंग क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती है।

सियांग, अपर सियांग और ईस्ट सियांग जिलों में बंद का यह आह्वान किया गया है। बीबीडब्ल्यूएस के अध्यक्ष को लिखे पत्र में एसएएवाईए ने बताया कि 29 अक्टूबर को प्रभावित गांवों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में एसोसिएशन की आपातकालीन कार्यकारिणी बैठक हुई थी। बैठक में सर्वसम्मति से दो नवंबर को बंद करने का फैसला लिया गया।

यह बंद सियांग इंडिजिनस फार्मर फोरम (एसआईएफएफ), अन्य सामाजिक संगठनों, युवा समूहों और प्रभावित लोगों के साथ मिलकर किया जाएगा। एसोसिएशन ने कहा कि यह बंद परियोजना के खिलाफ आंदोलन कर रहे लोगों की गिरफ्तारी के विरोध में किया जाएगा। आंदोलनकारी आरोप लगा रहे हैं कि उनकी सहमति के बिना जबरन सर्वे कराकर परियोजना से प्रभावित इलाकों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) को तैनात किया जा रहा है।

बंद की यह अपील ऐसे समय में की गई है जब अरुणाचल प्रदेश की सियांग घाटी में 11,200 मेगावाट क्षमता वाली एसयूएमपी को लेकर तनाव बढ़ रहा है। यह सियांग नदी पर प्रस्तावित एक बड़ी जलविद्युत परियोजना है। इस परियोजना को भारत की सबसे बड़ी जलविद्युत परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।

हालांकि, आदि समुदाय के कुछ हिस्सों, खासकर परियोजना से प्रभावित होने वाले इलाकों के लोगों की ओर से लगातार इसका विरोध किया जा रहा है। विरोध की मुख्य वजह लोगों का यह डर है कि परियोजना के कारण उनके पुश्तैनी गांव पानी में डूब सकते हैं। इससे लोगों को विस्थापन का सामना करना पड़ सकता है।

इसके अलावा खेती की जमीन और जंगलों को नुकसान पहुंचने के साथ ही समुदाय की पारंपरिक जीवनशैली भी प्रभावित हो सकती है। खबरों के अनुसार, इस परियोजना से 27 गांव पानी में डूब सकते हैं, जबकि कई दर्जन अन्य गांव भी प्रभावित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *