Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे में रविवार को बीजेपी-महायुति की ओर से ‘लोकतंत्र बचाव’ पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एक साथ शामिल हुए। इस दौरान फडणवीस ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन INDIA पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर चीन से मदद लेने और उसके पैसों के जरिए देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई भाजपा (BJP) के खिलाफ नहीं बल्कि देश और संविधान के खिलाफ है।
‘चीन के पैसों से देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही कांग्रेस’
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चीन की तरफ से फंडिंग और मदद मिल रही है। कांग्रेस इसी पैसे के जरिए देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है।
फडणवीस ने आगे कहा कि आजकल एक ‘लाल किताब’ सामने लाई जा रही है और संविधान को भी लाल रंग में रंगने की कोशिश की जा रही है। ये लोग संसद को गालियां देते हैं, चुनाव आयोग को कोसते हैं और अब तो सुप्रीम कोर्ट तक के खिलाफ मोर्चा निकाल रहे हैं।
‘संविधान चोर हैं ये लोग’, इंदिरा गांधी का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कांग्रेस पर संविधान के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग संविधान चोर हैं और इनके खिलाफ जनता को सड़कों पर उतरना होगा। उन्होंने कहा कि 1976 में जनता पार्टी ने देश के नागरिकों को उनके मूल अधिकार बहाल किए थे।
फडणवीस ने 1976 के दौर और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। फडणवीस ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के पोते भी उसी तरह की राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “शराब वही है, बस बोतल बदल गई है।”
पाचपाखाडी से तलावपाली तक निकली पदयात्रा
ठाणे शहर में बीजेपी की यह पदयात्रा पाचपाखाडी से तलावपाली तक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित भाजपा और शिवसेना के वरिष्ठ नेता इसमें शामिल हुए। पदयात्रा के बाद अहिल्यादेवी होलकर चौक के पास सभा का आयोजन किया गया, जहां दोनों नेताओं ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

