महाराष्ट्र के जालना में भयानक हादसा, फ्लाईओवर से ढाबे पर गिरा बेकाबू कंटेनर, 2 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के जालना में भयानक हादसा, फ्लाईओवर से ढाबे पर गिरा बेकाबू कंटेनर, 2 लोगों की मौत

Container Falls on Dhaba: महाराष्ट्र के जालना शहर में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। भाग्यनगर इलाके में तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से सीधे नीचे स्थित एक ढाबे पर जा गिरा। इस भीषण हादसे में कंटेनर चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कंटेनर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जालना के सब-डिविजनल पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी ने बताया, “कंटेनर ट्रक अंबड चौफुली और नूतन वसाहत के बीच स्थित फ्लाईओवर से गुजर रहा था। इसी दौरान वह पुल से नीचे गिर गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गश्त पर तैनात पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। क्षतिग्रस्त वाहन अभी भी घटनास्थल पर मौजूद है। फिलहाल किसी अन्य के हताहत होने की सूचना नहीं है।”

उन्होंने आगे बताया, “हमारे शुरुआती आकलन के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति ट्रक में सवार थे। संभवतः इनमें एक चालक और दूसरा क्लीनर था। घटनास्थल पर कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, क्योंकि रात 11 बजे तक वहां की सभी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद हो जाते हैं। हालांकि, अभी तक उनके नामों की पुष्टि नहीं हो सकी है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क करने की कोशिश की गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वाहन हरियाणा में पंजीकृत है और हिसार के कुछ लोगों के नाम पर है।”

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना 31 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे जालना शहर के भाग्यनगर इलाके में हुई। एक कंटेनर तेज रफ्तार से फ्लाईओवर से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया। बेकाबू कंटेनर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे स्थित ढाबे पर जा गिरा।

हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में कंटेनर चालक और एक अन्य व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। रात के समय हुए इस भीषण हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *