दीपावली से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मथुरा में मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। टीम ने शहर, वृंदावन और आसपास के इलाकों में प्रतिष्ठानों की जांच की। खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और कुछ सामग्री सीज कर नष्ट कराई गई। खाद्य आयुक्त द्वितीय जतिन कुमार सिंह के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर के राधे-राधे मिठाई वाले से बेसन के लड्डू और सिविल लाइन के लाला स्वीट्स से बर्फी का नमूना लिया गया। मसानी रोड के राधारानी रसगुल्ला एवं नमकीन भंडार से घी, रंगीन चाप और खोया के नमूने लिए गए। सौख रोड के राधिका स्वीट्स से केसर बर्फी, काजू बर्फी, घी और खोया के नमूने लिए गए। औरंगाबाद के बंसल स्वीट्स, टाउनशिप के कान्हा स्वीट्स और बीएसए रोड के वाईकेवाई मिठाई वाला समेत अन्य दुकानों से भी नमूने लिए गए। वृंदावन के रॉयल भारती से धनिया पाउडर, मिल्क केक, सोनपपड़ी और खोया के नमूने लिए गए। यहां 15 किलो धनिया पाउडर सीज किया गया। बृजवासी स्वीट्स की गौर केंद्र निर्माण इकाई से मिर्च पाउडर, पनीर, खोया और रंगीन मिठाई के नमूने लिए गए। यहां 10 किलो काजू नष्ट कराया गया और 13 किलो मिर्च पाउडर सीज किया गया। मंडी रामदास के मधुरम स्वीट्स से रंगीन छैना टोस्ट और खोया के नमूने लिए गए। यहां 10 किलो अरारोट, पांच किलो बेसन और 50 किलो दूषित मिठाई नष्ट कराई गई। श्रीराम स्वीट्स वृंदावन और हल्दीराम सौंख रोड से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। जतिन कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित दुकानों को सुधार सूचना और नोटिस जारी किए गए हैं। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

