Domestic Violence Case: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक 19 साल की गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति और ससुराल के लोग उसके चरित्र पर शक करते थे और उसे लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी पारिवारिक कलह के बीच महिला ने अपने मायके की छत से नीचे छलांग लगा दी। उपचार के दौरान पहले उसके गर्भ में पल रहे बच्चे और फिर महिला की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पति और सास समेत ससुराल के पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पति और सास को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शादी के कुछ समय बाद ही शुरू हो गई थी प्रताड़ना
मृतका की पहचान सोनू विनोद राठौड़ (19) के रूप में हुई है। वह मुकुंदवाड़ी की रहने वाली थी और मूल रूप से सातारा इलाके की निवासी थी। सोनू की शादी 12 जून 2025 को विनोद विलास राठौड़ (26) से हुई थी। परिजनों की शिकायत के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल के अन्य लोग उसके चरित्र पर शक करने लगे थे। आरोप है कि इस वजह से उसे बार-बार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। बताया गया है कि सोनू चार महीने की गर्भवती थी, इसके बावजूद कथित प्रताड़ना जारी रही।
कोजागरी पूर्णिमा की रात मायके की छत पर हुआ विवाद
परिजनों के अनुसार, कोजागरी पूर्णिमा की रात सोनू का पति विनोद उससे मिलने मायके आया था। रात करीब 12:30 बजे वह वहां से चला गया, लेकिन करीब डेढ़ बजे दोबारा लौट आया। इसके बाद तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच सोनू और विनोद घर की छत पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच जोरदार विवाद होने की बात सामने आई है। कुछ ही देर बाद छत से किसी चीज के नीचे गिरने की तेज आवाज सुनाई दी।
इलाज के दौरान पहले बच्चे और फिर सोनू की मौत
आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर पहुंचे तो सोनू खून से लथपथ हालत में नीचे पड़ी मिली। उसके पिता रमेश दासू चव्हाण उसे तुरंत इलाज के लिए घाटी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन 27 अक्टूबर को गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। इसके दो दिन बाद, 29 अक्टूबर को उपचार के दौरान सोनू ने भी दम तोड़ दिया।
पति और सास गिरफ्तार, पांच लोगों पर मामला दर्ज
इस मामले में सोनू के पिता रमेश चव्हाण ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनकी शिकायत के आधार पर सातारा पुलिस थाने में पति विनोद राठौड़, सास सुनीता विलास राठौड़ (45), देवर विशाल राठौड़ (24), मावसा सुभाष (45) और मावशी पिनाबाई सुभाष राठौड़ (38) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पति विनोद और सास सुनीता को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कृष्णा शिंदे के मार्गदर्शन में मामले की आगे जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका थी। फिलहाल ससुराल पक्ष पर लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।

