Blackheads Causes: खराब लाइफस्टाइल और प्रदूषण के कारण चेहरे पर दाग-धब्बे और पिंपल्स होना आज के समय में आम बात है। लेकिन कुछ लोगों का चेहरा साफ होने के बाद भी नाक और ठुड्डी के आसपास छोटे-छोटे काले निशान दिखाई देते हैं। कई लोग अनजाने में इन्हें गंदगी समझकर बार-बार चेहरा रगड़ते हैं या नाखूनों से दबाकर निकालने की कोशिश करते हैं। इससे त्वचा पर कट लगने के साथ ही निशान भी पड़ सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि ये काले निशान क्यों होते हैं और इनसे बचाव कैसे किया जा सकता है।
Blackheads क्या होते हैं?
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, नाक और ठुड्डी पर दिखाई देने वाले छोटे काले निशान ब्लैकहेड्स हो सकते हैं, जो मुंहासों का ही एक प्रकार हैं। त्वचा के रोमछिद्रों में सीबम यानी प्राकृतिक तेल और मृत त्वचा कोशिकाएं जमा हो जाती हैं, तो वहां जमाव होने लगता है। जब यह जमाव त्वचा की सतह पर खुले रोमछिद्र में दिखाई देता है, तो उसे ब्लैकहेड कहा जाता है। ब्लैकहेड्स आमतौर पर दर्द नहीं करते, जबकि कुछ दूसरे प्रकार के मुंहासों में दर्द या सूजन हो सकती है।
Blackheads होने के क्या कारण हो सकते हैं?
- त्वचा की सीबेशियस ग्रंथियों द्वारा ज्यादा सीबम यानी प्राकृतिक तेल बनाने पर ब्लैकहेड्स हो सकते हैं।
- त्वचा की पुरानी कोशिकाएं समय पर न हट पाने के कारण सीबम के साथ मिलकर रोमछिद्रों को बंद कर सकती हैं, जिससे ब्लैकहेड्स हो सकते हैं।
- किशोरावस्था और युवावस्था में हार्मोन के स्तर में बदलाव के कारण ब्लैकहेड्स हो सकते हैं।
- त्वचा पर मौजूद कुछ बैक्टीरिया भी मुंहासों की समस्या को बढ़ा सकते हैं।
शरीर के किन हिस्सों पर होते हैं Blackheads?
ब्लैकहेड्स सबसे ज्यादा चेहरे पर दिखाई देते हैं। खासकर नाक, ठुड्डी और कभी-कभी गालों पर ये छोटे काले बिंदुओं की तरह नजर आते हैं। इसके अलावा गर्दन, पीठ और छाती पर भी ब्लैकहेड्स हो सकते हैं। कुछ मामलों में कान और जांघों पर भी ब्लैकहेड्स दिखाई दे सकते हैं।
Blackheads हटाने के लिए कौन से उपाय हैं?
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, ब्लैकहेड्स को कम करने के लिए कुछ ऐसे स्किन केयर प्रोडक्ट्स इस्तेमाल किए जाते हैं, जो रोमछिद्रों में जमा तेल और मृत कोशिकाओं को हटाने में मदद करते हैं। इनमें सैलिसिलिक एसिड (Salicylic Acid), एजेलिक एसिड (Azelaic Acid), बेंजोयल पेरॉक्साइड (Benzoyl Peroxide) और रेटिनॉइड्स (Retinoids) जैसे इंग्रीडिएंट्स शामिल हैं। हालांकि, हर प्रोडक्ट हर तरह की त्वचा के लिए सही नहीं होता। ऐसे में इन्हें स्किन केयर रूटीन में त्वचा विशेषज्ञ की सलाह से ही शामिल करना चाहिए।
Blackheads के लिए घरेलू उपाय कितने असरदार हैं?
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, ब्लैकहेड्स को कम करने के लिए टी ट्री ऑयल (Tea Tree Oil) और ग्रीन टी (Green Tea) जैसे उपायों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
Blackheads से बचने के लिए क्या करें?
हार्मोनल बदलावों के कारण ब्लैकहेड्स को पूरी तरह रोकना हमेशा संभव नहीं होता, लेकिन रोजमर्रा की कुछ आदतें अपनाकर इनकी समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।
- रोजाना गुनगुने पानी और हल्के फेस क्लींजर से चेहरा साफ करें।
- त्वचा के अनुसार मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें।
- मेकअप और स्किन केयर प्रोडक्ट्स चुनते समय ध्यान दें कि उन पर नॉन-कॉमेडोजेनिक (Non-comedogenic) लिखा हो।
- सोने से पहले मेकअप अच्छी तरह साफ करें।
- बार-बार चेहरे को हाथों से छूने से बचें।
- ब्लैकहेड्स को नाखूनों से दबाकर निकालने की कोशिश न करें।
Blackheads होने पर डॉक्टर को कब दिखाएं?
अगर ब्लैकहेड्स लंबे समय तक बने रहें, बढ़ते जाएं या इनके साथ दर्द वाले मुंहासे और सूजन भी हो, तो त्वचा विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। यह किसी भी मेडिकल सलाह का विकल्प नहीं है। त्वचा से जुड़ी परेशानी होने पर त्वचा विशेषज्ञ (डर्मेटोलॉजिस्ट) से सलाह लें।

