Encounter News: मुठभेड़ में 3 बदमाशों को पुलिस ने किया लंगड़ा, वाराणसी में सिपाही को मारी थी गोली

Encounter News: मुठभेड़ में 3 बदमाशों को पुलिस ने किया लंगड़ा, वाराणसी में सिपाही को मारी थी गोली

Encounter News Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में बदमाशों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए शुक्रवार की देर शाम लंका थाने में तैनात एक सिपाही को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि सिपाही के हाथ में एक और पेट में दो गोली लगी है, जिसे गंभीर अवस्था में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों को पुलिस ने पैर में गोली मार कर गिरफ्तार किया है। एक बदमाश को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो अन्य बदमाशों को बाद में गिरफ्तार किया गया। तीनों ने पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की। वहीं कानून व्यवस्था को लेकर यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।

क्या है मामला

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की देर शाम पुलिस को यह सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश असलहे की खरीद बिक्री कर रहे हैं। इसके बाद लंका थाने के चार कांस्टेबल मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद बदमाशों ने कांस्टेबल अमित शुक्ला को गोली मार दी। पुलिस के मुताबिक, अमित शुक्ला के हाथ में एक गोली जबकि कमर के ऊपर ही हिस्से में दो गोली लगी है, जिन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हालांकि वहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। इस दौरान पुलिस ने भाग रहे बदमाशों का पीछा किया और लोहता में राज विश्वकर्मा नामक बदमाश के बाएं पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके दो अन्य साथी भागने में कामयाब हो गए।

इस मामले में डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अंजनी झा और राजू तिवारी नमक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और सामने घाट इलाके में असलहे की बरामदगी की कोशिश की। इसी दौरान दोनों ने वहां छुपा कर रखे गए असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लग गई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घायल कांस्टेबल अमित शुक्ला मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं और 3 साल से लंका थाने में तैनात हैं। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने एटीएस की भी ट्रेनिंग ली हुई है।

क्या बोले अजय राय

पुलिस पर की गई फायरिंग के बाद अजय राय ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। देश के गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ में बैठकर यूपी की कानून व्यवस्था को नंबर वन और टॉप बता रहे थे और ठीक उसी समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बदमाशों ने खाकी को ही लहू-लुहान कर दिया। उन्होंने इस घटना को गृह मंत्री के दवो पर करारा तमाचा बताया है, जिसमें वह प्रदेश के क्राइम कंट्रोल होने की बात कर रहे थे। अजय राय ने इस घटना में घायल हुए अमित शुक्ला के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *