अलीगढ़ में दो दिन बाद खिली धूप; बढ़ी ठंडक:अर्नब चक्रवात के असर से बदला मौसम, आज अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 18 डिग्री रहने का अनुमान

अलीगढ़ में दो दिन बाद खिली धूप; बढ़ी ठंडक:अर्नब चक्रवात के असर से बदला मौसम, आज अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 18 डिग्री रहने का अनुमान

अर्नब चक्रवात की चेतावनी के बीच अलीगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दो दिन तक आसमान में बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते मौसम में ठंडक बढ़ गई। गुरुवार को दिनभर बादलों की लुकाछिपी चलती रही, जबकि शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन ठंडी हवाओं का असर बना रहा। रात में ठंडक इतनी बढ़ी कि लोगों को पंखे और कूलर बंद करने पड़े। मौसम के इस बदलाव ने सर्दी की दस्तक का अहसास करा दिया है।
हालांकि, शनिवार सुबह मौसम ने फिर करवट ली। आसमान पूरी तरह साफ रहा और सुबह से ही खिली धूप ने मौसम सुहाना बना दिया। ठंडी हवाओं के बीच धूप लोगों को राहत दे रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को अलीगढ़ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिनभर मौसम साफ रहने का अनुमान है।
रात की ठंडक बढ़ा रही सर्दी का अहसास
पिछले दो दिनों में मौसम में आए बदलाव का सबसे ज्यादा असर रात के तापमान और ठंडक के रूप में महसूस किया जा रहा है। दिन में बादलों की वजह से धूप का असर कम रहा तो रात में ठंडी हवाओं ने मौसम को और ठंडा कर दिया। अब सुबह-शाम के साथ रात में भी ठंडक महसूस होने लगी है। शनिवार को धूप निकलने से दिन जरूर सुहाना हुआ है, लेकिन रात की बढ़ती ठंडक सर्दी के मौसम की ओर इशारा कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *