जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर विवेक कुमार ने बुरहानपुर के ग्राम अंबा का दौरा किया। उन्होंने प्राथमिक स्कूल की तीसरी कक्षा में बच्चों को गणित पढ़ाया। कलेक्टर ने पहाड़े याद करने के आसान तरीके बताए। उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर जोड़-गुणा के सवाल लिखे और बच्चों से हल करवाए। छात्रा रूपा ने बोर्ड पर सवाल हल किया तो कलेक्टर ने उसका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चों से नियमित पढ़ाई करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने को कहा। बच्चों ने भी उनसे बातचीत की। इसके बाद कलेक्टर ने हाईस्कूल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में शिक्षकों और विद्यार्थियों से पढ़ाई की गुणवत्ता पर बात की। विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने स्कूल परिसर में चल रहे आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। स्थानीय जरूरतों के बारे में बात की
कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने रजिस्टर और दैनिक पंजी देखे। डॉक्टरों से दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा। उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार और रिकॉर्ड की भौतिक जांच के निर्देश दिए। कलेक्टर अंबा से करीब 7 किलोमीटर दूर मलगांव फलिया भी पहुंचे। उन्होंने वहां के रहवासियों से आजीविका, रोजगार और स्थानीय जरूरतों के बारे में बात की। पंचायत सचिव से विकास कार्यों की जानकारी ली और ग्रामीणों को समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत जालांद्रा के सरकारी स्कूलों का भी निरीक्षण किया।

