सिद्धार्थनगर के बांसी कस्बे में शुक्रवार दोपहर दुकान पर सामान लोड कर रहे एक युवक पर करीब 10 लोगों ने हमला कर दिया। बिना नंबर प्लेट की बोलेरो से पहुंचे लोगों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों, पाइप और तमंचे से पीटा। हमले में युवक बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को बांसी के अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक के पिता की शिकायत पर बांसी पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल से जुड़े पदाधिकारियों समेत सात नामजद और पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बिना नंबर प्लेट की बोलेरो से पहुंचे थे आरोपी बांसी के शंकरनगर निवासी राममिलन ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे मंगल बाजार में धानी रोड स्थित काली मंदिर के पास अपनी दुकान पर सामान लोड कर रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बोलेरो से करीब 10 लोग वहां पहुंचे। राममिलन के मुताबिक, बोलेरो से उतरते ही लोगों ने उनके बेटे को घेर लिया और लाठी-डंडों, पाइप तथा तमंचे से हमला कर दिया। पिटाई से युवक बेहोश हो गया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल युवक को बांसी के अस्पताल ले गए। कुछ समय बाद होश आने पर युवक ने उन्हें घटना की जानकारी दी। पिता ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे ने कुछ दिन पहले भी संबंधित लोगों से धमकी मिलने की बात कही थी। शिकायत में उन्होंने हमले में शामिल लोगों के नाम भी बताए हैं।
विहिप और बजरंग दल से जुड़े लोगों के नाम शामिल तहरीर में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रत्यूष अमर श्रीवास्तव, जिला मंत्री धर्मेंद्र श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष संतोष अग्रहरी, कार्यालय प्रभारी ऋषभ पांडेय और कार्यकर्ता शिवांश सिंह के नाम शामिल हैं। इसके अलावा बजरंग दल से जुड़े आयुष श्रीवास्तव और जिला सहसंयोजक शुभम त्रिपाठी को भी नामजद किया गया है। शिकायत में पांच-छह अज्ञात लोगों को भी आरोपी बताया गया है। राममिलन ने सभी संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बांसी पुलिस ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर की शाम शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया।

