झज्जर में देश की एकता और अखंडता का संदेश देने के लिए आज, शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर झज्जर जिले में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जाएगा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर जिले के चारों हल्कों झज्जर, बहादुरगढ़, बेरी और बादली में नागरिक एकता की दौड़ में हिस्सा लेंगे। आयोजन के जरिए लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और आपसी भाईचारे का संदेश दिया जाएगा। जिला मुख्यालय झज्जर में हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहन लाल कौशिक दौड़ को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, बहादुरगढ़ में विधायक राजेश जून व पूर्व विधायक नरेश कौशिक, बादली में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और बेरी में संजय कबलाना कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। स्टेडियम से रवाना होंगे प्रतिभागी झज्जर में ‘रन फॉर यूनिटी’ की शुरुआत महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम से होगी। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। प्रतिभागी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां कार्यक्रम का समापन होगा। चारों हल्कों में दिखेगा एकता का उत्साह राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बहादुरगढ़, बेरी और बादली में भी नागरिक दौड़ में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देंगे। आयोजन में लोगों की भागीदारी के जरिए सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान और उनके विचारों को याद किया जाएगा।

