ग्वालटोली के खलासी लाइन स्थित शास्त्री भवन में गुरुवार को ईसाई समाज के एक कार्यक्रम के दौरान 400 लोगो का धर्मांतरण कराने का आरोप लगाकर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि पुलिस ने आयोजकों के साथ मिलकर कार्यकर्ताओं से धक्कामुक्की की। इससे नाराज कार्यकर्ता भवन के गेट पर धरने पर बैठ गए। एसीपी कर्नलगंज अंजना दहिया के जांच और कार्रवाई के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। कार्यकर्ता बोले- बस में भरकर लाए गए लोग हिंदूवादी संगठन से जुड़े कृष्ण मोहन तिवारी कृष्णा, शिव शक्ति अखाड़ा के पंकज जायसवाल, सोमनाथ मिश्र के मुताबिक, गुरुवार देर शाम उन्हें सूचना मिली थी कि शास्त्री भवन में बसों से सनातन धर्म के करीब 400 लोगों को लाया गया। आरोप है कि कार्यक्रम में उन्हें प्रलोभन देकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उनके पहुंचने से पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आयोजकों के साथ मिलकर उनके साथ धक्का–मुक्की की। मुख्य गेट बंद कराकर कार्यक्रम में शामिल लोगों को दूसरे दरवाजे से बाहर निकाल दिया गया। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि ईसाई समाज की ओर से द ग्रेस एंड ग्लोरी चर्च नाम की संस्था ने कार्यक्रम की अनुमति ली थी। इसमें समाज से जुड़े लोगों के जुटने की जानकारी दी गई थी। हिंदूवादी संगठनों की ओर से लगाए गए आरोपों के संबंध में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

