कोरबा पुलिस ने कम कैरेट के सोने को 22 कैरेट बताकर लोगों को बेचने और गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रखकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण, नकदी, डिजिटल तौल मशीन, बैंक में नकदी जमा करने की पर्ची और वारदात में इस्तेमाल आई-10 कार जब्त की गई है। पुलिस की पूछताछ में मणप्पुरम फाइनेंस, जना बैंक और आईएफएल जैसी कंपनियों में भी कम कैरेट के सोने के आभूषण गिरवी रखकर लोन लेने की जानकारी सामने आई है। 45 हजार रुपए में बेचा 18 कैरेट का लॉकेट मामले में ग्राम कोरबी धतुरा निवासी संजय श्रीवास (46), पिता दाउराम श्रीवास ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गांव के इंद्रेश साहू ने उन्हें 3.75 ग्राम वजन का एक लॉकेट दिखाया और उसे 22 कैरेट का सोना बताते हुए कीमत 49 से 50 हजार रुपए बताई। इसके बाद 45 हजार रुपए में बेचने की बात कही। 28 अक्टूबर को इंद्रेश अपने साथियों के साथ सफेद कार से घंटाघर कोरबा के पास पहुंचा। यहां संजय से 45 हजार रुपए लेकर उसे लॉकेट दे दिया। बाद में संजय ने दिव्य ज्वेलर्स में लॉकेट की जांच कराई तो वह 22 कैरेट के बजाय 18 कैरेट का निकला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत की। घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ा शिकायत पर पुलिस ने प्रार्थी के लॉकेट को गवाह विकास साहू और गजेंद्र साहू की मौजूदगी में जब्त किया। इसके बाद घेराबंदी कर मुख्य आरोपी इंद्रेश को उसके तीन साथियों के साथ आई-10 कार सहित पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 18 और 20 कैरेट के सोने के आभूषणों को 22 कैरेट बताकर लोगों को बेचते थे। इसके अलावा इन्हीं आभूषणों को गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रखकर लोन भी लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा मणप्पुरम फाइनेंस, जना बैंक और आईएफएल जैसी कंपनियों में सोना गिरवी रखने के तथ्य सामने आए हैं। नकदी, आभूषण और कार जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग सामान जब्त किया है। इसमें इंद्रेश साहू से 2,100 रुपए नकद और 40 हजार रुपए की एसबीआई एटीएम डिपॉजिट पर्ची, लिलेश्वर सिन्हा से 1,000 रुपए नकद और मनीष देवांगन से हुंडई आई-10 कार (CG05AE-8013) शामिल है। वहीं, आशीष गर्ग उर्फ आशु के पास से 7.89 ग्राम वजन के दो लॉकेट, 13.40 ग्राम की दो जोड़ी झुमकी (20 कैरेट), 6.54 ग्राम की दो लेडिस अंगूठियां (20 कैरेट), 3.80 ग्राम की एक जेंट्स अंगूठी और मिनी डिजिटल तौल मशीन जब्त की गई है। रायपुर, दिल्ली और कोरबा के रहने वाले आरोपी पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें इंद्रेश कुमार साहू उर्फ हरिओम (31), निवासी कोरबी धतुरा, कोरबा; लिलेश्वर सिन्हा (52), निवासी गुढ़ियारी, रायपुर; मनीष देवांगन उर्फ राहुल (47), निवासी सुंदरनगर, रायपुर और आशीष गर्ग उर्फ आशु (29), निवासी नरेला, दिल्ली शामिल हैं। सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 908/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

