छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मैनपाट टाइटन्स को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं। शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में ओलंपियन शमशेर की टीम के लिए आशीष तानी पूर्ति ने हैट्रिक लगाई। इस जीत के बाद स्ट्राइकर्स का गोल अंतर +2 हो गया है। वहीं, मैनपाट टाइटन्स को टूर्नामेंट में पांच मैच खेलने के बाद पहली हार का सामना करना पड़ा। आशीष ने इस मैच में तीन गोल किए और टूर्नामेंट में अपने कुल गोलों की संख्या 12 पहुंचा दी। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स अपने सभी पांच मैच खेल चुकी है। अब टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए बैलाडीला बुल्स के चक्रधर चैंपियंस के खिलाफ मुकाबले के नतीजे पर निर्भर रहना होगा। बैलाडीला हारती है या जीत का अंतर चार गोल से कम रहता है, तो स्ट्राइकर्स की सेमीफाइनल की उम्मीदें बनी रहेंगी। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों का डिफेंस मजबूत मैनपाट टाइटन्स की डिफेंस लाइन टूर्नामेंट में सबसे मजबूत रही है। मैच 14 तक टीम ने सिर्फ सात गोल खाए थे। इसी मजबूती का असर मुकाबले के पहले क्वार्टर में भी दिखा। दोनों टीमों ने गोल के मौके बनाए, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। पहला क्वार्टर 0-0 पर खत्म हुआ। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को पेनल्टी कॉर्नर मिला। आशीष तानी पूर्ति ने जोरदार ड्रैग-फ्लिक लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। इस शॉट को मैनपाट के अनुभवी गोलकीपर प्रदीप मोर भी नहीं रोक सके। इसके बाद दोनों टीमों को कुछ मौके मिले, लेकिन हाफ-टाइम तक स्कोर 1-0 ही रहा। तीसरे क्वार्टर में दो गोल कर पूरी की हैट्रिक तीसरे क्वार्टर में आशीष ने एक बार फिर पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग-फ्लिक से गोल किया। इसके बाद उन्होंने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की। उनके लगातार हमलों के सामने मैनपाट की मजबूत डिफेंस भी बेबस नजर आई। मैच के आखिरी पलों में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने चौथा गोल किया। शाहरुख के पास पर ओम कुमार यादव ने फील्ड गोल कर टीम को 4-0 से जीत दिलाई। हार के बावजूद मैनपाट सेमीफाइनल में मैनपाट टाइटन्स को भले ही इस मुकाबले में पहली हार मिली, लेकिन टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। पांच मैचों में उसके प्रदर्शन ने उसे खिताब का मजबूत दावेदार बनाए रखा है। वहीं, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए बैलाडीला बुल्स और चक्रधर चैंपियंस के मुकाबले के नतीजे का इंतजार करना होगा।

