भारत (India) को न्यूज़ीलैंड (New Zealand) के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज़ के चौथे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। पहले तीन मैचों में जीत दर्ज करने के बाद चौथे मैच में भारत 87 रन से हार गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूज़ीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 259 रन बनाते हुए भारत को 260 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 172 रन ही बना पाई। मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की प्रतिक्रिया सामने आ गई है।
श्रेयस ने भारतीय गेंदबाजी को ठहराया ज़िम्मेदार
मैच के बाद श्रेयस ने भारतीय टीम की हार के लिए गेंदबाजी को ज़िम्मेदार ठहराया। श्रेयस ने कहा, “गेंदबाजी में हम कुछ पीछे रह गए जिसकी वजह से न्यूज़ीलैंड को बैटिंग पावरप्ले में मोमेंटम मिल गया। हमने कुछ और गेंदबाजों को आजमाने की कोशिश की, लेकिन फायदा नहीं हुआ।”
ग्लेन फिलिप्स की कर दी तारीफ
श्रेयस ने न्यूज़ीलैंड की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) की भी तारीफ की। श्रेयस ने कहा, “हमारे गेंदबाजों के आगे ग्लेन फिलिप्स ने शानदार पारी खेली।” आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फिलिप्स ने 49 गेंदों पर 107 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी में फिलिप्स ने 6 चौके और 10 छक्के लगाए। 218.37 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर पिटाई की। इसके साथ ही उन्होंने भारत के खिलाफ एक टी20 सीरीज़ में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। अब तक खेले गए चार मैचोँ में फिलिप्स ने 276 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 190 की रही और उन्होंने 138 के औसत से रन बनाए।
कैसी रही भारतीय टीम की गेंदबाजी?
श्रेयस ने भारत की हार के लिए गेंदबाजी को ज़िम्मेदार ठहराया। आइए नज़र डालते हैं कि इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने कैसा प्रदर्शन किया। मयंक यादव ने 4 ओवर में 3 विकेट ज़रूर झटके, लेकिन इस दौरान उन्होंने 48 रन लुटाए। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 38 रन दिए और सिर्फ 1 विकेट झटका। प्रिंस यादव ने 4 ओवर में 49 रन दिए और सिर्फ 1 विकेट झटका। अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 1 विकेट झटका, लेकिन इस दौरान 43 रन लुटाए। नमन धीर ने 1 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 16 रन दिए। नीतीश कुमार रेड्डी ने 4 ओवर में 1 विकेट झटका, लेकिन वह सबसे महंगे रहे और उन्होंने 64 रन खर्च किए।

