लखनऊ के राम सागर मिश्र (RSM) संयुक्त चिकित्सालय को पूरी तरह डिजिटलाइज्ड कर दिया गया है। अस्पताल में 40 कंप्यूटर और प्रिंटर लगाए गए हैं। साथ ही सभी प्रमुख विभागों में डाटा एंट्री ऑपरेटर तैनात किए गए हैं। इससे मरीजों का रजिस्ट्रेशन, जांच रिपोर्ट, मेडिकल रिकॉर्ड और दवा वितरण समेत कई सेवाएं डिजिटल होंगी। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.वीके शर्मा ने बताया कि शासन की e-Hospital परियोजना के तहत यह व्यवस्था लागू की गई है। इसके लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), अलीगंज से 21 प्रशिक्षु भी मिले हैं। ये अस्पताल में डाटा एंट्री ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहे हैं। 10 डिजिटल सुविधाएं मिलेंगी अस्पताल में ABHA हेल्थ आईडी, ऑनलाइन OPD रजिस्ट्रेशन (ORS), ई-हॉस्पिटल सिस्टम, डिजिटल मेडिकल रिकॉर्ड, ऑनलाइन जांच रिपोर्ट, डिजिटल पेमेंट, फ्री वाईफाई, डिजिटल लैब मैनेजमेंट, ऑनलाइन फार्मेसी, बायोमेट्रिक अटेंडेंस और ऑनलाइन बेड-वार्ड मैनेजमेंट की सुविधाएं शुरू की गई हैं।
इन सुविधाओं से मरीजों को अपनी जांच रिपोर्ट और मेडिकल रिकॉर्ड ऑनलाइन मिल सकेंगे। वहीं, अस्पताल के अलग-अलग विभागों के बीच भी बेहतर तालमेल बनेगा। कागजी काम कम होने से मरीजों का समय बचेगा। रजिस्ट्रेशन और फार्मेसी काउंटर बढ़ाए अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए OPD रजिस्ट्रेशन काउंटर की संख्या 2 से बढ़ाकर 5 कर दी गई है। वहीं, फार्मेसी काउंटर 2 से बढ़ाकर 4 किए गए हैं। इनमें एक रजिस्ट्रेशन और एक फार्मेसी काउंटर जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और पत्रकारों के लिए आरक्षित किया गया है। डिजिटल व्यवस्था के लिए बनाई टीम डिजिटलाइजेशन की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ.सुमित महाराज, नोडल अधिकारी डॉ.मिथिलेश यादव, डॉ.स्नेहलता त्रिपाठी और हॉस्पिटल मैनेजर डॉ.अभिषेक सिंह की टीम को दी गई है।
डॉ.वीके शर्मा ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य मरीजों को तकनीक की मदद से आसान, पारदर्शी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसमें अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारियों और IT टीम ने सहयोग किया है।

