Shraddha Kapoor Fans Reaction: बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘ईथा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसमें श्रद्धा फेमस लावणी कलाकार ईथा बाई के किरदार में नजर आ रही हैं। करीब तीन मिनट के इस ट्रेलर में एक ऐसी महिला की कहानी दिखाई गई है, जिसने तमाम सामाजिक बंदिशों और मुश्किलों के बावजूद अपनी कला के दम पर अलग पहचान बनाई। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है। खासकर श्रद्धा के लुक, दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और अजय-अतुल के म्यूजिक की फैंस जमकर तारीफ कर रहे हैं।
बचपन से शोहरत और फिर गुमनामी तक का सफर दिखाएगा ट्रेलर
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च आज शुक्रवार, 30 अक्टूबर को मुंबई में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान किया गया। करीब तीन मिनट के इस ट्रेलर में ईथा बाई के बचपन से लेकर लावणी की दुनिया में उनकी पहचान बनने तक का सफर दिखाया गया है। इसके साथ ही उस दौर की भी झलक मिलती है, जब उनकी लोकप्रियता कम होने लगती है और उन्हें नई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ये फिल्म लावणी की रंगीन दुनिया, उसके संगीत, जोश और सांस्कृतिक विरासत को पर्दे पर उतारती है। कहानी उन महिलाओं के संघर्ष को भी सामने लाती है, जिन्होंने सामाजिक परंपराओं को चुनौती देकर इस पारंपरिक कला को पहचान दिलाई।
श्रद्धा के ट्रेलर पर फैंस ने किए ऐसे कमेंट्स
‘ईथा’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। एक यूजर ने श्रद्धा की तारीफ करते हुए लिखा, ‘तूफान ला दिया, वो भी एक फीमेल सेंट्रिक ट्रेलर ने।’ वहीं दूसरे यूजर ने अजय-अतुल के संगीत की तारीफ करते हुए लिखा, ‘अजय-अतुल म्यूजिक तो कमाल का है’।
एक अन्य यूजर ने श्रद्धा कपूर की स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ में उन्हें ‘द गोट कपूर’ बताते हुए लिखा कि उनकी स्क्रीन प्रेजेंस का कोई मुकाबला नहीं है। हालांकि, एक यूजर ने फिल्ममेकर्स को थिएटर में दर्शकों को आकर्षित करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली प्रमोशनल तकनीकों पर दोबारा विचार करने की सलाह भी दी। बता दें कि ‘ईथा’ 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना होगा कि ईथा बाई की यह कहानी बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाती है।
श्रद्धा कपूर बोलीं- किरदार की दुनिया से जुड़ना रहा खास अनुभव
ईथा बाई का किरदार निभाने को लेकर श्रद्धा कपूर ने अपना अनुभव शेयर किया। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने उन्हें इस किरदार के बारे में बताया, वैसे-वैसे वह ईथा बाई की जिंदगी और उनकी दुनिया से जुड़ती चली गईं।
श्रद्धा के मुताबिक, यह एक ऐसी महिला की कहानी है, जिसकी कला, साहस और व्यक्तित्व उसे हमेशा के लिए यादगार बना देते हैं। इस किरदार को निभाना उनके लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा है और वह दर्शकों को बड़े पर्दे पर ईथा बाई की जिंदगी दिखाने के लिए उत्साहित हैं।
‘छावा’ के बाद अलग कहानी लेकर आए लक्ष्मण उतेकर
‘छावा’ की बड़ी सफलता के बाद निर्देशक लक्ष्मण उतेकर एक बिल्कुल अलग दुनिया की कहानी लेकर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘छावा’ एक बड़े सिनेमाई पैमाने वाली फिल्म थी, जबकि ‘ईथा’ के जरिए वह दर्शकों को एक कलाकार की असाधारण जिंदगी से रूबरू कराना चाहते हैं।
निर्देशक के मुताबिक, दोनों फिल्मों की पृष्ठभूमि भले ही अलग हो, लेकिन दोनों की कहानियों के केंद्र में ऐसे किरदार हैं, जिनकी ताकत और संघर्ष उन्हें खास बनाते हैं। ‘ईथा’ एक ऐसी कलाकार की कहानी है, जिसने अपनी कला के दम पर एक विरासत बनाई।








FilmMakers especially someone as good as like Laxman Utekhar Need to Stop these Techniques to attract the Audiences in Theatres to watch their Films
