बरेली में शुक्रवार को PET (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा)-2026 आयोजित की जा रही है। जिले में 3 दिवसीय परीक्षा में 62,064 अभ्यर्थी पंजीकृत है। आज 23 केंद्रों पर परीक्षा कराई का रही है। एग्जाम दो पालियों में होगा। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक चलेगी। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए हैं। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन के सामने चुनौती है। हर पाली में 10,344 अभ्यर्थियों की व्यवस्था
पीईटी-2026 उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से कराई जा रही है। बरेली में परीक्षा के लिए कुल 62,064 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर के साथ 1 नवंबर को आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में 10,344 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था है। इस बार जिले में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि पिछले साल 45 केंद्रों पर एग्जाम हुआ था। मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी करेंगे निगरानी
परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन ने केंद्रों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 6 जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा की निगरानी करेंगे। इसके अलावा रिजर्व मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी को बनाया गया है। केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच होगी। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। रेलवे स्टेशन से बस अड्डों तक रहेगी निगरानी
दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए रेलवे और रोडवेज ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। रेलवे की ओर से तीन जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की आठ संयुक्त टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा अतिरिक्त टिकट काउंटर और हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। रोडवेज की ओर से 120 अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। हर दो केंद्रों के बीच एंबुलेंस रहेगी तैनात
परीक्षा के दौरान किसी अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल इलाज मिल सके, इसके लिए हर दो परीक्षा केंद्रों के बीच एक एंबुलेंस तैनात रखने की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को बस अड्डों और रेलवे स्टेशन से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए सिटी बसों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। होटल, रेस्टोरेंट और खानपान की दुकानों पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। अभ्यर्थियों से मनमाना किराया वसूलने या खाने-पीने की वस्तुओं के अधिक दाम लेने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

